आदित्यपुर नगर निगम चुनाव : वार्ड 29 से पूर्व पार्षद स्व राजमणि देवी की पुत्रवधु अर्चना सिंह ने पेश की दावेदारी। मुकाबला रोचक होने कि उम्मीद

सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी तपिश लगातार बढ़ती जा रही है. इसी बीच वार्ड नंबर 29 से एक चौंकाने वाला नाम सामने आने के बाद लंबे समय से चला आ रहा सस्पेंस पूरी तरह खत्म हो गया है.

वार्ड-29 से निवर्तमान पार्षद दिवंगत राजमणि देवी के बड़े पुत्र मनमोहन सिंह ने अपनी पत्नी अर्चना सिंह को चुनावी मैदान में उतारने की औपचारिक घोषणा कर दी है. इस घोषणा के साथ ही वार्ड-29 ही नहीं, बल्कि पूरे नगर निगम चुनाव की राजनीति और अधिक रोचक हो गई है.

गौरतलब है कि दिवंगत पार्षद राजमणि देवी के परिवार से अब तक किसी ने खुलकर दावेदारी पेश नहीं की थी, जिससे क्षेत्र में संशय की स्थिति बनी हुई थी. मनमोहन सिंह स्वयं चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन परिसीमन के बाद वार्ड-29 महिला आरक्षित हो जाने के कारण समीकरण बदल गए. इसके बाद से ही दिवंगत पार्षद की राजनीतिक विरासत को आगे कौन ले जाएगा, इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था.

अब अर्चना सिंह के चुनावी समर में उतरने के साथ ही यह सस्पेंस खत्म हो गया है. बताया जाता है कि जब से आदित्यपुर में शहरी निकाय चुनाव की शुरुआत हुई है, तब से दिवंगत राजमणि देवी लगातार पार्षद चुनी जाती रही थीं. उनके नाम राज्य में सबसे अधिक मतों से पार्षद का चुनाव जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है. वर्तमान कार्यकाल के दौरान उनके असामयिक निधन के बाद वार्ड में एक भावनात्मक शून्य पैदा हो गया था.

क्षेत्र की जनता लंबे समय से उनके परिवार के किसी सदस्य के राजनीति में उतरने की उम्मीद लगाए बैठी थी. अब बड़ी बहू अर्चना सिंह के चुनावी मैदान में उतरने से यह साफ हो गया है कि दिवंगत पार्षद की राजनीतिक विरासत को परिवार आगे बढ़ाने के मूड में है. ऐसे में वार्ड-29 का चुनाव इस बार सिर्फ सियासी नहीं, बल्कि भावनात्मक मुकाबला भी बनता नजर आ रहा है. दिवंगत पार्षद के बड़े पुत्र मनमोहन सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर क्षेत्र की जनता से अपनी दिवंगत मां के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए अपनी पत्नी को समर्थन करने की अपील की है. गौरतलब है कि दिवंगत पार्षद भले बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष थीं मगर उनकी छवि दलगत राजनीति से इतर थी. उन्हें सभी दल के लोगों का अपार स्नेह मिलता रहा अपने जीवन काल में उन्होंने वार्ड की जनता के लिए कई ऐसे कीर्तिमान स्थापित किया जिस क्षेत्र की जनता आज भी याद करती है.

More From Author

सरायकेला : पेड़ से लटककर युवक ने की आत्महत्या। मामला संदिग्ध। पुलिस जुटी जांच में

सरायकेला : पुलिस अधीक्षक ने क्राइम मीटिंग में सभी थानाप्रभरियों को दिए निर्देश। सरस्वती पूजा और गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के दिये निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.