
सोनुवा। आदिवासी कुड़मी समाज ने कुड़मी जाति को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करने और कुड़माली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में जगह देने की अपनी मांगों को लेकर 20 सितंबर को ‘रेल टेका’ आंदोलन करने का ऐलान किया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनुवा में यह आंदोलन होगा, जिसमें कोल्हान के तीनों जिलों (पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) से हजारों लोग इकट्ठा होंगे।
20 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद
कुड़मी समाज के युवा नेता अमित महतो के नेतृत्व में समाज के युवा तीनों जिलों के गाँवों में बैठकें कर इस आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। अमित महतो के अनुसार, सोनुवा में होने वाले इस ‘रेल टेका’ आंदोलन में 20,000 लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि जो लोग सोनुवा नहीं पहुँच पाएँगे, वे अपने-अपने क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर आंदोलन में शामिल होंगे।
विरोध करने वालों पर जताई आपत्ति
अमित महतो ने कहा कि आदिवासी समाज के कुछ लोग इस आंदोलन का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों को कुछ बाहरी तत्व बहका रहे हैं। कुड़मी समाज अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह से एकजुट है और उम्मीद है कि इस आंदोलन से सरकार पर उनकी मांगों को मानने का दबाव बनेगा।
