चांडिल थाना अंतर्गत न्यू बाईपास रोड पर घोड़ानेगी पुलिया के पास शुक्रवार देर शाम ट्रेलर और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य युवक ठाकुर सिंह सरदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तीनों युवक नरगाडीह गांव के निवासी हैं और चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने सड़क हादसों पर चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और जिला प्रशासन को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।
