रांची, राज्य के पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर तबादले और पदस्थापन किए हैं। देर रात जारी अधिसूचना के मुताबिक कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों से लेकर एसपी स्तर तक की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।
सबसे अहम बदलाव रांची में हुआ है, जहां चाईबासा एसपी राकेश रंजन को राजधानी का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। मौजूदा एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को एसीबी डीआईजी का प्रभार सौंपा गया है। वहीं रांची सिटी एसपी अजीत कुमार को रेल एसपी, जमशेदपुर बनाया गया है। अब पारस राणा राजधानी के सिटी एसपी होंगे और उन्हें जैप-10 का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके साथ ही डीजीपी अनुराग गुप्ता को सीआईडी और एसीबी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वायरलेस डीजी प्रशांत सिंह को डीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार मिला है। जैप एडीजी प्रिया दुबे को एसीबी का एडीजी बनाया गया है। वहीं रांची आईजी मनोज कौशिक को सीआईडी आईजी की जिम्मेदारी दी गई है।
नए आदेश के अनुसार, सुनील भास्कर को बोकारो जोनल आईजी, सुमन गुप्ता को रेल एडीजी, क्रांति कुमार गडीदेशी को आईजी मानवाधिकार और शैलेंद्र सिन्हा को पलामू आईजी नियुक्त किया गया है।
एसपी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अमित रेनू को चाईबासा एसपी, श्री सौरभ को देवघर एसपी, एहतेशाम वकारिब को सीआईडी एसपी और अनिमेष नैथानी को एसीबी एसपी बनाया गया है। दीपक कुमार पांडे और अरविंद कुमार सिंह को स्पेशल ब्रांच में जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, कैलाश करमाली को रेल एसपी धनबाद, राकेश सिंह को ट्रैफिक एसपी रांची और वायरलेस एसपी का अतिरिक्त प्रभार मिला है। मूमल राजपुरोहित को जैप-8 कमांडेंट, मनोज स्वर्गीयरी को जैप-3 गोविंदपुर कमांडेंट बनाया गया है।
