
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के महेंद्र अपार्टमेंट में आज बुधवार, 17 सितंबर को दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 203 में रहने वाले कारोबारी ऋषभ सिंह के घर से चोरों ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी चुरा लिए।
विश्वकर्मा पूजा के दौरान हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, ऋषभ सिंह अपने परिवार के साथ विश्वकर्मा पूजा के लिए वर्कशॉप गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा और अंदर की सभी चार अलमारियों के ताले टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 8 लाख रुपये के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद गायब थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जुटी जांच में
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे अपार्टमेंट के लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए हैं और अपराधियों की पहचान के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया है।
