सरायकेला : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।
अधिकारियों ने चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलकंठ के समीप सोनरोडीह, हमसदा, रोला एवं जड़िगाड़ीह ग्रामों में संचालित कुल चार अवैध महुआ शराब भट्टियों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत रूप से विनष्ट किया गया, जबकि भट्टियों से कुल 50 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई।
इस संबंध में संबंधित अवैध शराब अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिला प्रशासन अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिचालन के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति के तहत कार्य कर रहा है।
