झारखंड एटीएस द्वारा अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह के विरूद्ध रामगढ़, पतरातु (भदानीनगर) थाना के केस में साक्ष्य के आधार पर न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित करते हुए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया. रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर 29 अक्तूबर 2024 को अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह को अजरबैजान गणराज्य में डिटेन (निरुद्ध) किया गया. डिटेन करने के उरान्त अजरबैजान गणराज्य द्वारा एक्सट्राडिशन डोजियर की मांग की गई. तत्पश्चात झारखण्ड एटीएस द्वारा मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटर्न अफेयर्स (विदेश मंत्रालय) के माध्यम से एक्सट्राडिशन डोजियर अजरबैजान गणराज्य को उपलब्ध कराया गया, जिसके आलोक में उक्त अभियुक्त के विरुद्ध अजरबैजान बाकु अपराध न्यायालय में मुकदमा चलाया गया. 27 जनवरी 2025 को अजरबैजान बाकु अपराध न्यायालय द्वारा अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह को भारत प्रत्यार्पण हेतु अनुमति प्रदान की गई
सीबीआइ, नई दिल्ली द्वारा एटीएस, झारखण्ड, रांची को पत्राचार कर सूचित करते हुए प्रत्यर्पण संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिया गया. तत्पश्चात एटीएस रांची द्वारा उक्त अभियुक्त को अजरबैजान गणराज्य से भारत प्रत्यार्पण संबंधी सभी आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की गई. अजरबैजान गणराज्य द्वारा फिर से 4 अगस्त 2025 को पत्राचार कर सूचित किया गया कि 22 अगस्त 2025 को उक्त अभियुक्त को भारतीय अधिकारी को सुपुर्द किया जायेगा. इसके उपरान्त प्रर्यापण कर लाने वाले नामित पदाधिकारियों को भारत सरकार द्वारा पॉलिटिकल क्लियरेंस प्रदान किया गया, तदोपरान्त आधिकारिक पासपोर्ट बनवाया गया. अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह को अजरबैजान गणराज्य से 23 अगस्त 2025 को प्रत्यार्पित कर भारत लाया जाएगा. आरोपी सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह गैंगस्टर अमन साहू गैंग से ताल्लुक रखता है. वह गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का साथी भी है.
