उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला में अपात्र राशन कार्डधारियों की जांच एवं नाम हटाने का कार्य व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। प्रखंडवार जारी के.पी.आई रिपोर्ट को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री जुल्फीकार अंसारी ने जानकारी दी कि जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में कुल 22,975 संदिग्ध आधार प्रविष्टियां थीं, जिनमें से 20,067 नामों को डिलीट किया जा चुका है, जबकि 2,746 का सत्यापन जारी है। इसी प्रकार, RCMS (18 वर्ष से कम आयु एवं 100 वर्ष से ज्यादा आयु के एकल सदस्य कार्डधारी) के अंतर्गत कुल 16,399 प्रविष्टियों में से अबतक 2,274 नाम हटाए गए हैं, 793 योग्य हैं तथा 13,332 का सत्यापन किया जा रहा है।
छह महीना या इससे ज्यादा समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले मौन राशन कार्डधारियों की संख्या जिले में कुल 1,64,237 पाई गई, जिनमें से 50,323 को डिलीट किया गया है, 576 योग्य (eligible) पाए गए हैं, जबकि 1,13,338 का सत्यापन शेष हैं। आंकड़ों के अनुसार सर्वाधिक मौन राशन कार्ड सदस्य जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में (68,565) तथा गोलमुरी-कम-जुगसलाई क्षेत्र में (46,703) पाए गए हैं। वहीं डुप्लिकेट लाभुकों की संख्या 25,321 रही, जिनमें से 426 को हटाया गया, 4,009 योग्य पाए गए, और 20,886 शेष हैं।
उपायुक्त ने कहा कि अपात्र राशन कार्डधारियों की जांच एवं सत्यापन वास्तविक लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। डुप्लिकेट या अवैध लाभुकों को सूची से हटाकर वास्तविक पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।
