
रामनवमी के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने एक महिला को निशाना बनाया। उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित निरंजन सिंह कॉम्प्लेक्स के सामने पोस्ट ऑफिस रोड, आदर्श नगर निवासी संतोषी राव का बैग धारदार हथियार से काटकर उसमें रखा मोबाइल और नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए।महिला को जब बैग हल्का महसूस हुआ तो उन्होंने जांच की, जिसमें बैग कटा हुआ पाया गया और सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को सूचित किया।विकास सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना देते हुए महिला को लेकर उलीडीह थाना पहुंचे, जहां मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि “राम के वेश में रावण भी शामिल हैं,” और पुलिस से ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
