चांडिल थाना अंतर्गत टुईलुंग गांव में तीन माह की गर्भवती महिला रीता प्रमाणिक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।लिखित आवेदन के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। रीता सुशिक्षित और समझदार थी, लेकिन उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। 10 जनवरी की शाम रीता के पति अशोक प्रमाणिक ने फोन कर सूचना दी कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
चांडिल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रीता के भाई वासुदेव हजाम ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बहन के पति अशोक प्रमाणिक, देवर दीपक प्रमाणिक और सास मंगली प्रमाणिक पर दहेज की मांग और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
