आदित्यपुर नगर निगम ड्यूरियन शोरूम के ठीक सामने एक वॉशिंग सेंटर अवैध रूप से चलाने का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नियमों को ताक पर रखकर यह वॉशिंग सेंटर लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अब तक नगर निगम और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
वॉशिंग सेंटर के संचालक पवन सिंह दावा कर रहे हैं कि उनके वाशिंग सेंटर पर कार्रवाई नहीं हो सकती है, हालांकि इस दावे की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है।
मामला केवल अवैध वॉशिंग सेंटर संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि बिजली को भी लेकर बातें उठायी जा रही हैं। वॉशिंग सेंटर में बिजली का मीटर कैसे लगाया गया, यह भी एक सवाल है। क्या यह मीटर व्यावसायिक (कमर्शियल) श्रेणी का है या किसी निजी उपभोक्ता के नाम पर लिया गया है?
संचालक का कहना है कि यह किसी की जागीर नहीं है और कोई भी जहां चाहे, शिकायत कर सकता है। इस बयान से स्पष्ट है कि संचालक को किसी कार्रवाई का कोई भय नहीं है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और बिजली विभाग से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर अवैध वॉशिंग सेंटर पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
