आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मदन मोहन नगर के हाली मदन मोहन पब्लिक स्कूल के पास से संदिग्ध लोगों द्वारा कुत्ते के एक बच्चे (पपी) की चोरी का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।इस मामले में रेलवे पार्किंग कॉन्ट्रैक्टर राजीव राम ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इन संदिग्ध लोगों के बारे में कोई भी ठोस जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें।उन्होंने घोषणा की है कि सही और पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को उनकी कंपनी की ओर से ₹21,000 का इनाम और सम्मान दिया जाएगा।राजीव राम ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान हो सके और उचित कार्रवाई की जा सके।बताया जा रहा है कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग सड़क पर दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोग और संबंधित लोग अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच और जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है, वहीं लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।

