District Coordination Committee Meeting Jamshedpur उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक, विभागीय समन्वय से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने राज्य प्रायोजित, केंद्र प्रायोजित, डीएमएफटी, वित्त आयोग तथा सीएसआर के माध्यम से संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी योजना की प्रगति संवादहीनता या विभागीय समन्वय के अभाव में बाधित नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि कई योजनाओं में एक से अधिक विभागों की भूमिका होती है, इसलिए सभी विभाग नियमित रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान करें और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। विशेष रूप से आधारभूत संरचना निर्माण, भूमि हस्तांतरण, विद्युत संयोजन, लाभुक सत्यापन तथा भुगतान प्रक्रियाओं में समन्वय पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण, विद्युत संयोजन, रैम्प निर्माण और अन्य सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बनाए गए भवनों की उपयोगिता और अब तक अनुपयोगी भवनों की सूची सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अलावा चाकुलिया प्रखंड के केरूकोचा ढेगाम तथा बहरागोड़ा प्रखंड के बारागड़िया में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा और छात्रावास व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े कई मुद्दों की समीक्षा की गई। ई-कल्याण पोर्टल पर प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए शैक्षणिक संस्थानों के सत्यापन का निर्देश दिया गया। वहीं लखाईडीह छात्रावास को शीघ्र शुरू कराने को कहा गया।
जमशेदपुर हाईस्कूल बिष्टूपुर में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गर्मी में पेयजल संकट से निपटने की तैयारी
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और प्रखंड प्रशासन को खराब पड़े चापाकलों और जलमीनारों की सूची तैयार कर उनकी मरम्मत कर जल्द जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
दो अधिकारियों को किया गया सम्मानित
नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने के लिए पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला तथा मुसाबनी के अंचल अधिकारी पवन कुमार को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, वन प्रमंडल पदाधिकारी शब्बा आलम, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी बीडीओ और सीओ उपस्थित थे।

More From Author

Samajwadi Party meeting Jamshedpur जमशेदपुर में समाजवादी पार्टी की बैठक, संगठन को मजबूत करने और विस्तार की रणनीति पर हुआ मंथन

Gamharia Block Office poor condition of the toilet कागजों में स्वच्छता, हकीकत में गंदगी, गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का शौचालय बदहाली का शिकार, जिम्मेदारों की अनदेखी से व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.