
गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां): गम्हरिया प्रखंड के नए अनाज गोदाम में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की जांच के लिए सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अभिनव प्रकाश गुरुवार को अचानक गोदाम पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जांच के दौरान प्रभारी एजीएम गायबदोपहर करीब 1 बजे जब एसडीओ गोदाम पहुंचे, तो वहां के प्रभारी एजीएम सुनील कुमार चौधरी मौके पर मौजूद नहीं थे। गोदाम में सिर्फ एक ऑपरेटर और कुछ बाहरी मजदूर ही दिखे। बताया जा रहा है कि एसडीओ की गाड़ी देखते ही मजदूर वहां से चुपचाप निकल गए।स्टॉक की जानकारी देने में असमर्थ दिखे अधिकारीएसडीओ के निर्देश पर जब सुनील कुमार चौधरी को मौके पर बुलाया गया और उनसे गोदाम में रखे अनाज के स्टॉक की जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने चौंकाने वाला जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें स्टॉक की गिनती करना नहीं आता और किसी मजदूर को बुलाने के लिए फोन करने लगे।स्टॉक रजिस्टर भी नहीं था उपलब्धस्थिति और गंभीर तब हो गई जब एसडीओ ने स्टॉक पंजी (रजिस्टर) दिखाने को कहा। शुरुआत में प्रभारी एजीएम ने बताया कि स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं है। लगभग एक घंटे के इंतजार के बाद स्टॉक रजिस्टर एक मजदूर द्वारा लाकर दिया गया, जो मिठाई की थैली में रखा हुआ था। इस पर एसडीओ ने नाराजगी जताई और पूरे मामले को गंभीर अनियमितता माना।दोषियों पर कार्रवाई के संकेतएसडीओ अभिनव प्रकाश ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनाज गोदाम में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।स्थानीय स्तर पर बढ़ा आक्रोशइस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि गरीबों के लिए आने वाले अनाज में गड़बड़ी बेहद गंभीर मामला है और प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
