सरायकेला थाना अंतर्गत पठानमारा के समीप रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक मालवाहक ऑटो में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ऑटो पर रखा लाखों रुपयों का सामान जलकर खाक हो गया।
ऑटो चालक बबन सिंह जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के पास रहने वाले हैं। वे अपने मालवाहक ऑटो में पेंट और तारपीन के गैलन लेकर चाईबासा डिलीवरी के लिए जा रहे थे। घटना के समय ऑटो चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ऑटो से बाहर निकल आये, जिससे उनकी जान बच गई।
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने अग्निशमन विभाग को खबर दी और अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग और पुलिस कर्मियों ने बालू और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग लगने की घटना से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
