सरायकेला/आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 29 से पार्षद पद की प्रत्याशी अर्चना कुमारी सिंह ने मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि वह अपनी दिवंगत सास राजमणि देवी के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए चुनाव मैदान में उतरी हैं।
अर्चना सिंह ने कहा कि उनकी सास ने वार्ड के विकास के लिए जो रोडमैप तैयार किया था, उसे आगे बढ़ाना ही उनकी प्राथमिकता होगी। गौरतलब है कि राजमणि देवी वार्ड 29 से तीन बार पार्षद चुनी गई थीं और उनके नाम झारखंड में सबसे अधिक मतों से जीत का रिकॉर्ड दर्ज है। वह भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी थीं। पिछले कार्यकाल के दौरान कैंसर से उनका निधन हो गया था, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी।
इस बार वार्ड 29 में मुकाबला रोचक माना जा रहा है, अर्चना सिंह के सामने प्रतिद्वंद्वी के रूप में विनोद कुमार श्रीवास्तव की पत्नी एवं आदित्यपुर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रीता श्रीवास्तव मैदान में हैं। अर्चना सिंह ने कहा कि सामने कौन है, इससे फर्क नहीं पड़ता, जनता के आशीर्वाद और समर्थन से वह विकास की नई इबारत लिखेंगी।
उन्होंने कहा कि उनकी सास के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगी और वार्ड के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगी। अर्चना सिंह ने कहा कि वह जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझने और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगी।
