रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत करकट्टा गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां बंद पड़े खदान में नहाने गए 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नामकुम तेतरी टोली निवासी राजकुमार राय के पुत्र समीर कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, समीर अपने दो दोस्तों के साथ खदान में नहा रहा था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। दोस्तों ने काफी कोशिश की, लेकिन उसे बचा पाने में सफल नहीं हो सके। उधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटे और पुलिस को जानकारी दी गई।
खदान का पानी गहरा होने और चारों ओर झाड़ियों से घिरा होने के कारण शव को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा है। सोमवार सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चला रही है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं किया जा सका था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी बंद खदानों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
